
पखांजुर से श्रीदाम ढाली की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त करने पर माला विश्वास सम्मानित।

पखांजुर@28 जनवरी/ कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माटोली की मेधावी छात्रा कुमारी माला विश्वास ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे विकासखण्ड और जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर दिनांक 23 जनवरी को राजभवन, रायपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में महामहिम राज्यपाल महोदय श्री रमन डेका एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कुमारी माला विश्वास को प्रशस्ति पत्र एवं ₹1.50 लाख (एक लाख पचास हजार रुपये) की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। माला विश्वास की इस सफलता को उनकी कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार विश्वास एवं तारक बैरागी, शिप्रा विश्वास, पियुष मंडल, डॉ कृष्णपाल राणा, दिनेश तारम रिखिराम भुआर्य, एम नागराजू, सुलोचना वट्टी, महेश साहू, खोकन डे, श्यामल हालदार तथा समस्त शिक्षकों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए माला विश्वास के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी इससे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
यह सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि ग्रामीण अंचल के छात्र-छात्राएं भी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।




