Bhanupratappur/ भानुप्रतापपुर की खिलाड़ियों संग बस्तर यूनिवर्सिटी की टीम ऑल इंडिया खो-खो के लिए क्वालीफाई।

भानुप्रतापपुर की खिलाड़ियों संग बस्तर यूनिवर्सिटी की टीम ऑल इंडिया खो-खो के लिए क्वालीफाई।
भानुप्रतापपुर@14 फरवरी/ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी खो-खो महिला प्रतियोगिता का आयोजन एआईयू (Association of Indian Universities) के तत्वावधान में फकीर मोहन विश्वविद्यालय, बालेश्वर (उड़ीसा) में दिनांक 10 फरवरी से 13 फरवरी तक किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सात राज्यों के 37 विश्वविद्यालयों ने सहभागिता की, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक रहा।
इस प्रतियोगिता में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर की महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की। नॉकआउट दौर में विश्वविद्यालय की खिलाड़ियों ने जादवपुर यूनिवर्सिटी (पश्चिम बंगाल), सीएसटी यूनिवर्सिटी भिलाई (छत्तीसगढ़), मां मानिकेश्वरी यूनिवर्सिटी (ओडिशा) तथा द यूनिवर्सिटी ऑफ बर्धमान (पश्चिम बंगाल) जैसी मजबूत टीमों का सामना किया और अदम्य साहस, बेहतरीन टीमवर्क तथा उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की।
इस शानदार जीत के साथ शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय की महिला टीम ने पहली बार एआईयू के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी खो-खो महिला प्रतियोगिता, जिसकी मेजबानी एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, मुंबई द्वारा की जाएगी, के लिए क्वालीफाई कर विश्वविद्यालय के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।
खिलाड़ियों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे बस्तर अंचल के लिए गर्व का विषय है और आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस दल के दल प्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास क्रीड़ा अधिकारी शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर थे l जिनके कुशल प्रशिक्षण एवं खेल रणनीति मे विश्वविद्यालय ने यह उपलब्धि हाशिल किया हैँ l शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर कि दो खिलाड़ी कु ज्योति बोगा और कु कमितला ने इस उपलब्धि मे अपना विशेष योगदान दिया l




