
प्रधान पाठक पदोन्नति में देरी पर शिक्षक महासंघ नाराज़, गोपनीय चरित्रावली के कारण प्रक्रिया लंबित।
कांकेर@13 फरवरी। प्रदेश शिक्षक महासंघ, कांकेर ने जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सहायक शिक्षकों की प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति में हो रही देरी पर नाराज़गी जताई है। महासंघ का आरोप है कि गोपनीय चरित्रावली (सीसीआर) के नाम पर पदोन्नति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है।
प्रदेश शिक्षक महासंघ, कांकेर के जिला संयोजक महेशराम कोटपरिया एवं संभाग संचालक उत्तम सिन्हा के नेतृत्व में महासंघ के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद से मुलाकात कर सहायक शिक्षकों के हित में शीघ्र पदोन्नति करने की मांग की। महासंघ ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पूर्व में 26 जनवरी तक सहायक शिक्षकों को प्रधान पाठक पद पर पदोन्नत करने का आश्वासन दिया गया था, किंतु जनवरी माह समाप्त होने के बाद भी पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और न ही इसकी समय-सीमा जारी की गई, जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश कुमार निषाद ने बताया कि सहायक शिक्षक संवर्ग के लिए उपलब्ध पदों के विरुद्ध पदोन्नति की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी विकासखंडों से सहायक शिक्षकों की गोपनीय चरित्रावली प्राप्त नहीं होने के कारण पदोन्नति में विलंब हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर जिन शिक्षकों की गोपनीय चरित्रावली प्राप्त नहीं होगी, उनकी पात्रता सूची जारी कर संबंधित शिक्षकों से गोपनीय चरित्रावली मंगाई जाएगी, ताकि पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके।
जिला शिक्षा अधिकारी ने महासंघ से भी इस प्रक्रिया में सहयोग की अपेक्षा की, जिससे अधिक से अधिक पात्र सहायक शिक्षकों को प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने आदिवासी अंचल में कार्यरत कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त अवकाश एवं परीक्षा अनुमति आदेश पर भी शीघ्र पहल करने की बात कही।
प्रदेश शिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष महेश्वर कोटपरिया ने कहा कि उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी से शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। महासंघ द्वारा इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया।
इस अवसर पर प्रदेश शिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष महेश्वर कोटपरिया, प्रांत उपाध्यक्ष उत्तम सिन्हा, प्रदेश सहसचिव उमेश कुमार शुक्ला, संतोष कुमार वट्टी, भानुप्रतापपुर ब्लॉक अध्यक्ष नितिन तिवारी, कुम्हराज सिदार, अंतागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष लिलेश्वर महावे, जिला उपाध्यक्ष रोहित बघेल, लालमन पटेल, कोयलीबेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार साक्षी, चारामा ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, जिला महासचिव अशोक उर्वशा, जिला मीडिया प्रभारी मोनू कौशल, धर्मदास जोशी, कांकेर ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश रंजन जैन, कैलाश कोमरा, पंचम नेताम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।




