भानुप्रतापपुर/ प्राणीशास्त्र विभाग को नई पहचान: डॉ. नसीम अहमद मंसूरी को शोध निर्देशक की मान्यता।

प्राणीशास्त्र विभाग को नई पहचान: डॉ. नसीम अहमद मंसूरी को शोध निर्देशक की मान्यता।
भानुप्रतापपुर@6 मार्च। शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर एवं अंचल के लिए यह गौरव का क्षण है कि प्राणीशास्त्र विभाग में कार्यरत सहायक प्राध्यापक डॉ. नसीम अहमद मंसूरी को विश्वविद्यालय द्वारा शोध निर्देशक के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। विश्वविद्यालय अध्यादेश 45 एवं विनियम 107 के तहत प्रदत्त इस मान्यता के अनुसार डॉ. मंसूरी अब शोधार्थियों का मार्गदर्शन कर सकेंगे तथा शोध कार्यों का संचालन करेंगे।
इस मान्यता के साथ ही प्राणीशास्त्र विभाग में शोध गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अब महाविद्यालय में अध्ययनरत स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शोध कार्य के लिए स्थानीय स्तर पर ही मार्गदर्शन उपलब्ध हो सकेगा। इससे क्षेत्रीय विद्यार्थियों को बड़े शहरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम होगी और शोध की गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. मंसूरी को शोध निर्देशक की मान्यता मिलना पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा यह उपलब्धि हमारे महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। डॉ. मंसूरी का अनुभव और समर्पण निश्चित रूप से विद्यार्थियों को उच्च स्तर के शोध के लिए प्रेरित करेगा। हमें विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में विभाग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
डॉ. नसीम अहमद मंसूरी ने इस अवसर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ दायित्व भी है। उन्होंने कहा विश्वविद्यालय द्वारा प्रदत्त इस मान्यता के लिए मैं आभारी हूं। मेरा प्रयास रहेगा कि शोधार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान कर विभाग को शोध के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जाए। विश्वविद्यालय अध्यादेश के सभी प्रावधानों का पूर्णतः पालन करते हुए शोध कार्यों को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
महाविद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने डॉ. मंसूरी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय की शैक्षणिक साख और मजबूत हुई है तथा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई संभावनाओं के द्वार खुल गए हैं।




