
भानुप्रतापपुर महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव सम्पन्न, प्रतिभाओं को मिला सम्मान।
भानुप्रतापपुर, 28 फरवरी। शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय भानुप्रतापपुर में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजन-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लटिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश चौहान, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष रत्नेश सिंह तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष डिगेश खापडे शामिल हुए।
मुख्य अतिथि श्री लटिया ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना समय की मांग है। ऐसे आयोजनों से युवाओं और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें नई पहचान मिलती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल की गई है। राज्य सरकार द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता दिए जाने से बस्तर में शांति और विश्वास का वातावरण सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले नक्सल प्रभाव के कारण अभिभावकों में भय का माहौल था, किंतु अब परिस्थितियाँ सकारात्मक दिशा में बदल रही हैं।
आज युवा वर्ग, विशेषकर बेटियाँ, शिक्षा, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निराशा और हताशा से दूर रहकर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि उन्होंने आदर्श जीवन मूल्यों की स्थापना की। छत्तीसगढ़ को माता कौशल्या की धरती बताते हुए उन्होंने युवाओं से प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा से न डरने और असफलता को सीख के रूप में स्वीकार कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक, खेल, एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि बृजेश चौहान एवं रत्नेश सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं। स्वागत उद्बोधन महाविद्यालय के एनईपी प्रभारी रितेश कुमार नाग द्वारा प्रस्तुत किया गया।
दीघान्त मेश्राम व ज्योति बोगा बने ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर’
इस अवसर पर राष्ट्रीय, राज्य एवं विश्वविद्यालय स्तर पर विभिन्न खेलों में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों सहित वार्षिक खेल प्रतियोगिता, एनएसएस, शैक्षणिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए पुरुष वर्ग में दीघान्त मेश्राम तथा महिला वर्ग में ज्योति बोगा को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वही कला संकाय ने प्रथम स्थान हासिल कर महर्षि वाल्मीकि कप अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को मिलेगा 11 हजार की सम्मान राशि।
महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के सदस्य सतीश श्रीवास्तव द्वारा घोषणा किया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में संचालित स्नातक पाठ्यक्रम बीए, बीएससी, बीकॉम एवं पत्रकारिता में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 11 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्होंने पत्रकारिता विभाग के लिए एक प्रिंटर देने की भी घोषणा किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बाँधा समां।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एकल एवं सामूहिक नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों का मन मोह लिया। मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राध्यापक श्यामानंद डेहरिया, सेवानिवृत्त क्रीड़ा अधिकारी सी.पी. ठाकुर, व्यापारी संघ के अध्यक्ष राकेश रमानी, जनभागीदारी समिति के सदस्यगण राजीव श्रीवास, गिरधारी नरेटी, शंकर गांधी, राजकुमार नसीने, तथा भाजपा नेता अरविंद जैन, गुड़पाल सिंह रंधावा, डिकेश साहू, हुमांशु ठाकुर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।





