Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरछत्तीसगढ़धर्म

कांकेर/ शिवसेना की रामनवमी शोभायात्रा को लेकर बैठक संपन्न, तैयारियों को दिया अंतिम रूप।

कांकेर में रामनवमी को लेकर शिवसेना सक्रिय, आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी

शिवसेना की रामनवमी शोभायात्रा को लेकर बैठक संपन्न, तैयारियों को दिया अंतिम रूप।

कांकेर@20 मार्च 2026। रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर शिवसेना की एक महत्वपूर्ण बैठक शासकीय विश्रामगृह में संपन्न हुई। बैठक का नेतृत्व शिवसेना के प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए महेश दुबे ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक नाम नहीं, बल्कि आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा हैं। वे आदर्श पुत्र, भाई, पति और राजा के रूप में मानव समाज के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने सदैव सत्य और धर्म के मार्ग का पालन किया, भले ही इसके लिए उन्हें 14 वर्ष का वनवास सहना पड़ा। रावण का वध कर उन्होंने यह सिद्ध किया कि अधर्म कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।

उन्होंने आगे कहा कि रामनवमी का पर्व हमें भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश देता है। “राम” नाम हमारे हृदय के प्रकाश का प्रतीक है, जो हमें अपने भीतर की नकारात्मकता को दूर कर प्रेम, करुणा और मर्यादा के साथ जीवन जीने की सीख देता है। भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने हर परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।

बैठक में उपस्थित शिवसेना नेताओं अनेश नुरूटी, सुकचंद मंडावी, भोलापाल, रामनारायण उसेंडी, संत पटेल सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि रामनवमी हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है और शिवसेना द्वारा विगत 42 वर्षों से निरंतर शोभायात्रा निकाली जा रही है। इस वर्ष 4 अप्रैल 2026 को राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिले से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे, वहीं 8 अप्रैल को कांकेर जिले में भव्य रामनवमी शोभायात्रा निकाली जाएगी।

बैठक के दौरान निष्ठावान एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का तिलक एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने एक साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया, जिससे संगठन में एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। नेताओं ने कहा कि यह केवल भोजन नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक है। अंत में आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए शोभायात्रा को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में प्रमुख रूप से राजेंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, रोशन नाग, नानू सलाम, मनकुंवर उइके, उत्तम सिंह ठाकुर, सुमित दुग्गा, बलराम व्यापारी, प्रणवेश विश्वास, सुमन ध्रुव, कुलवंत कौमार्य, भोला नेताम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!