
शिवसेना ने नशे के खिलाफ खोला मोर्चा, पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन।
कांकेर@14 मार्च (सुब्रत कुमेटी)। शिवसेना जिला इकाई कांकेर द्वारा जिले में बढ़ते अपराध और नशे पर नियंत्रण की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा को ज्ञापन सौंपा गया। शिवसेना प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने कहा कि जिले में अनियंत्रित रूप से फल-फूल रहे सट्टा, जुआ, गांजा, चरस और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ शिवसेना द्वारा पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य इन सामाजिक बुराइयों के कारण क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था और युवाओं पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है।
उन्होंने बताया कि अवैध शराब और नशे के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद हो रहा है तथा आपराधिक गतिविधियों में भी वृद्धि हो रही है। श्री दुबे ने कहा कि शिवसेना पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर एक सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण करना चाहती है। इसके लिए इन अवैध गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ज्ञापन में मांग की गई कि जिले के विभिन्न गांवों में चल रही अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, गांजा और चरस की बिक्री करने वालों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत तत्काल कार्रवाई की जाए तथा अवैध रूप से चल रहे सट्टा और जुआ पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए। शिवसेना ने पुलिस अधीक्षक से अविलंब छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से शिवसेना नेता अनेश नुरूटी, सुकचंद मंडावी, भोला पाल, प्रणेवेश विश्वास, बलराम व्यापारी, धर्मेंद्र यादव, मनकुंवर उइके, सुमन ध्रुव, रामनारायण उसेंडी, राजेंद्र यादव, सुमीत दुग्गा, उत्तम सिंह ठाकुर, संत पटेल, रोशन नाग, नानू सलाम सहित सैकड़ों शिवसैनिक उपस्थित थे।




