कांकेरभानुप्रतापपुर

भानुप्रतापपुर/ संबलपुर रोड और कांकेर रोड के डिवाइडर से व्यापारी परेशान, आम जनता की सुरक्षा पर भी उठे सवाल।

सुनील बबला पाढी ने कहा—व्यापारियों की रोजी-रोटी और जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए।

संबलपुर रोड और कांकेर रोड के डिवाइडर से व्यापारी परेशान, आम जनता की सुरक्षा पर भी उठे सवाल

भानुप्रतापपुर। नगर के संबलपुर रोड और कांकेर रोड पर बनाए गए डिवाइडर को लेकर स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों की परेशानियां बढ़ने की बात सामने आ रही है। व्यापारियों का कहना है कि डिवाइडर के कारण उनके प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित हुई है, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं, सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम होने से वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाओं की शिकायतों के बीच अब इस निर्माण की उपयोगिता और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

इस विषय पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील बबला पाढी ने व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि संबलपुर रोड और कांकेर रोड नगर के प्रमुख व्यावसायिक मार्ग हैं। ग्राम पंचायत के समय से ही इन सड़कों के किनारे व्यापारी अपनी दुकानें संचालित करते आ रहे हैं। इन व्यापारियों की आजीविका उनके व्यवसाय पर निर्भर है। यदि सड़क पर ऐसी व्यवस्था बनती है, जिससे ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी हो और व्यापार प्रभावित हो, तो इसका सीधा असर व्यापारियों के परिवारों की रोजी-रोटी पर पड़ता है।

सुनील बबला पाढी ने बताया कि पूर्व में भी इन दोनों सड़कों पर डिवाइडर निर्माण का प्रस्ताव आया था। उस समय उन्होंने तत्कालीन नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव रुकवाया था। उनका कहना है कि किसी भी विकास कार्य से पहले स्थानीय परिस्थितियों, सड़क की चौड़ाई, यातायात के दबाव, व्यापारियों की जरूरतों और आम जनता की सुरक्षा का आकलन करना आवश्यक है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब डिवाइडर के कारण व्यापारियों को कारोबार में परेशानी हो रही है और आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, तो इसकी समीक्षा करने की जिम्मेदारी किसकी है? विकास के नाम पर ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए, जिससे एक ओर व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हो और दूसरी ओर आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़े।

उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की कि दोनों सड़कों का स्थल निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी जाएं और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुधार किए जाएं। जरूरत पड़ने पर डिवाइडर के स्वरूप में बदलाव सहित सभी व्यावहारिक विकल्पों पर विचार किया जाए।

सुनील बबला पाढी ने कहा कि व्यापारियों का हित, आम जनता की सुविधा और सुरक्षित यातायात—तीनों एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। विकास वही सार्थक है, जो लोगों की परेशानी कम करे, व्यापार को बढ़ावा दे और दुर्घटनाओं की आशंका को दूर करने में मदद करे।

अब सवाल यही है—व्यापारियों की रोजी-रोटी और आम जनता की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभाग कब जागेगा और इस समस्या का समाधान कब होगा?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!