
पखांजूर से मायापुर तक सड़क बदहाल, बारिश थमी फिर भी निर्माण शुरू नहीं।
पखांजूर। पुराना बाजार चौक पखांजूर से महाराष्ट्र सीमावर्ती गांव मायापुर तक सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से क्षेत्र के 10 गांवों के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गर्मी के दौरान ठेकेदार ने सड़क की ऊपरी परत उखाड़कर मिट्टी डाल दी, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ा। पूरी बरसात ग्रामीणों ने कीचड़ और दलदल के बीच सफर किया। अब बारिश थमने के एक महीने बाद भी सड़क का काम शुरू नहीं हुआ है। नतीजतन, मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे, बिखरे पत्थर और धूल के गुबार लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
अंतरराज्यीय मार्ग पर सफर बना मुसीबत
पुराना बाजार चौक से मायापुर तक का मार्ग पखांजूर और महाराष्ट्र के बीच आवागमन का प्रमुख साधन है। इसी सड़क से भारी मालवाहक वाहन गुजरते हैं और नियमित यात्री बसों का संचालन भी होता है। मुख्यमंत्री की घोषणा के करीब एक वर्ष बाद सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी थी, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिए जाने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया।
भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। उखड़ी गिट्टियों और नुकीले पत्थरों के चलते दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी ने अब तक मौके पर मशीनरी और मजदूर नहीं लगाए हैं।
धूल के गुबार से स्वास्थ्य पर खतरा
सड़क पर बिछाई गई कच्ची मिट्टी सूखकर बारीक धूल में बदल गई है। भारी वाहन गुजरते ही पूरे मार्ग पर धूल का गुबार छा जाता है। इससे सड़क किनारे रहने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को आंखों में जलन समेत सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस सड़क पर निर्भर 10 गांवों के लोगों के लिए पखांजूर अस्पताल और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। सड़क की बदहाली के कारण एंबुलेंस को भी गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लग रहा है। वहीं, गड्ढों और नुकीले पत्थरों से नियमित यात्री बसों तथा व्यावसायिक वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। टायर फटने और तकनीकी खराबी के कारण वाहन मालिकों का खर्च भी बढ़ रहा है।
काम शुरू नहीं हुआ तो कांग्रेस करेगी आंदोलन
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राजदीप हालदार ने सड़क निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बारिश बंद हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया है। इससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
हालदार ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराकर सड़क को निर्धारित समय में पूरा कराने की पहल नहीं की, तो कांग्रेस ग्रामीणों के हित में सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।




