कांकेरभानुप्रतापपुर

भानुप्रतापपुर/ राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस विभाग ने कराई वाद-विवाद प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने रखे बेबाक विचार।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर विद्यार्थियों ने रखे बेबाक विचार, शहीद पूर्व छात्रों को दी श्रद्धांजलि।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस विभाग ने कराई वाद-विवाद प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने रखे बेबाक विचार।

भानुप्रतापपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर में पुलिस विभाग द्वारा वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपनिरीक्षक रामप्रसाद सिन्हा उपस्थित रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के.के. प्रधान ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के पूर्व छात्र एवं शहीद जवानों के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

स्वागत उद्बोधन में एनईपी संयोजक रितेश कुमार नाग ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। यह आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह एवं भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश में संपन्न हुआ।

एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत : रामप्रसाद सिन्हा

मुख्य अतिथि रामप्रसाद सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय के लिए यह गर्व के साथ-साथ भावुकता का विषय है कि यहां अध्ययन करने वाले पूर्व छात्र राजेश पवार (डीएसपी) एवं अजय शर्मा ने पुलिस विभाग में सेवाएं देते हुए देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। नक्सली घटनाओं में शहीद हुए इन वीर जवानों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को सर्वोच्च स्थान दें। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली ताकत उसकी एकजुटता में होती है। जब समाज के लोग जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर एक साथ खड़े होते हैं, तभी देश मजबूत बनता है। राष्ट्रीय एकता केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक को अपने आचरण और व्यवहार में अपनाना चाहिए।

पुलिस की जिम्मेदारियों पर हुई सार्थक बहस।

वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘वर्तमान में पुलिस अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन कर रही है : हां या नहीं?’ रखा गया था। इस विषय पर कुल 22 विद्यार्थियों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। पक्ष में बोलने वाले विद्यार्थियों ने पुलिस की भूमिका, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में उसके योगदान को रेखांकित किया, वहीं विपक्ष के प्रतिभागियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और चुनौतियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल उठाए। विद्यार्थियों ने तथ्यों, तर्कों और उदाहरणों के माध्यम से अपनी बात रखी। प्रतियोगिता ने न केवल विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को मंच दिया, बल्कि पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच जिम्मेदारी, विश्वास और जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सार्थक संवाद का अवसर प्रदान किया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार।

पक्ष में प्रथम स्थान सरजीत मल्लिक, द्वितीय स्थान मौसमी जैन, तृतीय स्थान मोनिका साहू ने प्राप्त किया। वही विपक्ष में प्रथम स्थान निशा मण्डावी, द्वितीय स्थान नम्रता यादव, तृतीय स्थान हेमंत वर्मा ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को पुलिस विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अध्यक्षीय उद्धबोधन देते हुए प्रभारी प्राचार्य के.के. प्रधान ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का त्याग और समर्पण समाज के लिए अमूल्य धरोहर है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर जिम्मेदार नागरिक बनने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लेना चाहिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. नसीम अहमद मंसूरी, नंदिनी ध्रुव, रेडक्रॉस प्रभारी सुषमा चालकी, क्रीड़ा अधिकारी चेतन कुमार श्रीवास, उमित्रा मण्डावी हेड कांस्टेबल, महेंद्र कुमार मण्डावी नगर सेना, वीरेंद्र नेताम आरक्षक, संतोष कुमेटी, फत्तूराम उसेंडी, गीता उसेंडी, मुकेश कुमार डहरवाल, श्रीदाम ढाली, धनेश्वर बांधे, डॉ. राजबहादुर पुष्कर सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अधिकारी- कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक योगेश यादव एवं अनिल साहू ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!