Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरछत्तीसगढ़भानुप्रतापपुरलोकल न्यूज़

भानुप्रतापपुर/ काली मंदिर स्थापना दिवस पर बंग समाज ने किया रक्तदान, 30 यूनिट संग्रह।

काली मंदिर स्थापना दिवस पर बंग समाज ने किया रक्तदान, 30 यूनिट संग्रह।

भानुप्रतापपुर(श्रीदाम ढाली)। 26 मार्च को भानुप्रतापपुर कालीबाड़ी स्थित माँ काली मंदिर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बंग समाज द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माँ काली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा समाज के लोगों ने श्रद्धा भाव से सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर बंग समाज द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बंग समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए कुल 30 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान सर्व समाज के लोगों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम का दायरा और भी व्यापक हो गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे नगर पंचायत के अध्यक्ष निखिल सिंह राठौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्तदान महादान है, यह किसी जरूरतमंद को जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचाने में सहायक होता है, इसलिए समय-समय पर रक्तदान करना अत्यंत आवश्यक है। यह न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

इस अवसर पर बंग समाज के अध्यक्ष विष्णु साहा ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि माँ काली का स्थापना दिवस केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज सेवा का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। रक्तदान सबसे बड़ा दान माना गया है, क्योंकि यह सीधे किसी जरूरतमंद को जीवन देता है। आज के समय में दुर्घटनाएं, गंभीर बीमारियां और ऑपरेशन जैसी स्थितियों में रक्त की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है, ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि समय-समय पर रक्तदान करें।

उन्होंने आगे कहा कि समाज के युवा वर्ग को विशेष रूप से इस दिशा में आगे आना चाहिए और रक्तदान को एक नियमित आदत के रूप में अपनाना चाहिए। इससे न केवल जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाता है। बंग समाज हमेशा से सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहा है और आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। हमारा प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति रक्त के अभाव में अपनी जान न गंवाए और हर जरूरतमंद को समय पर सहायता मिल सके।

रक्तदाताओं को बंग समाज की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पार्षद विजय धमेचा, व्यापारी संघ के अध्यक्ष राकेश रमानी सहित समाज के वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!