कवर्धा/ वार्ड क्रमांक 09 में सड़क पर बोर खनन को लेकर विवाद, रहवासियों ने जताया विरोध।

वार्ड क्रमांक 09 में सड़क पर बोर खनन को लेकर विवाद, रहवासियों ने जताया विरोध।
कवर्धा@31मई 2026/ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 09 में सड़क के बीचों-बीच कराए जा रहे बोर खनन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय रहवासियों ने बोर खनन कार्य का विरोध करते हुए इसे नियमों के विरुद्ध बताया, जबकि संबंधित पक्ष द्वारा कार्य जारी रखे जाने का आरोप लगाया गया है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार, बोर खनन कार्य वाहन क्रमांक KA 01 AG 1329 के माध्यम से कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि विरोध के बावजूद कार्य नहीं रोका गया। कुछ रहवासियों ने आरोप लगाया कि बोर खनन से जुड़े लोगों ने सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों का नाम लेकर कार्य को जारी रखा।

दिव्यांग व्यक्ति से अभद्रता का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोर खनन का विरोध कर रहे एक दिव्यांग व्यक्ति ने कार्य रोकने की मांग की। इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने तथा धक्का-मुक्की होने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इस संबंध में संबंधित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आ पाया है।
देर रात बोरिंग वाहन का घेराव, पुलिस पहुंची मौके पर
मामले को लेकर देर रात बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर एकत्रित हो गए और बोरिंग वाहन का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बोर खनन कार्य को तत्काल नहीं रोका गया। वहीं रहवासियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक सड़क पर किए गए बोर खनन की वैधता की जांच की मांग की है।
जांच और कार्रवाई की मांग
मोहल्लेवासियों का कहना है कि यदि सार्वजनिक सड़क पर बिना अनुमति बोर खनन किया गया है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




