
9 करोड़ से अधिक के सोने के आभूषण के साथ तीन युवक गिरफ्तार, सिंघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
महासमुंद, सरायपाली (जगदीश पटेल)/ महासमुंद जिले में अवैध गतिविधियों और सीमावर्ती क्षेत्रों से हो रहे अवैध परिवहन पर रोक लगाने चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक वोक्सवैगन वर्टस कार से करीब 7.5 किलो सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये आंकी गई है। वाहन सहित कुल जप्त संपत्ति की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही वोक्सवैगन वर्टस कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ करने पर संदेह होने पर वाहन की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान कार की पिछली सीट में बनाए गए विशेष चेंबर से दो पीठू बैग बरामद किए गए। बैग के भीतर छह प्लास्टिक बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण रखे हुए थे। बरामद सोने का कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जयेश अकबरी (32 वर्ष), सुनीत कारेना (22 वर्ष) और रूशी अग्रावत (26 वर्ष), निवासी राजकोट (गुजरात) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से सोने के आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत सोने के आभूषण एवं वाहन को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय, छत्तीसगढ़ को सूचित किया है।
जप्त संपत्ति का विवरण
- विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण, वजन 7512.488 ग्राम
कीमत – 9,17,84,220 रुपये - वोक्सवैगन वर्टस कार क्रमांक GJ 03 NP 4230
कीमत – 10,00,000 रुपये
कुल जप्त संपत्ति की कीमत – 9,27,84,220 रुपये




