
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने छात्र आंदोलन और सोनम वांगचुक के समर्थन में जारी की प्रेस विज्ञप्ति।
बस्तर टाइम्स न्यूज, रायपुर/ शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, विशेष रूप से नीट परीक्षा विवाद, तथा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त की है। पार्टी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी ने दिल्ली में विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा किए जा रहे आंदोलन और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करने की बात कही है। साथ ही, पार्टी ने सोनम वांगचुक से उनके स्वास्थ्य को देखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि देश और समाज को उनकी आवश्यकता है।
शिवसेना ने अपने बयान में केंद्र सरकार पर छात्रों, युवाओं, बेरोजगारों, किसानों और मजदूरों के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
प्रेस विज्ञप्ति में अन्ना हजारे के आंदोलन और पर्यावरणविद् दिवंगत प्रो. जी.डी. अग्रवाल के आंदोलन का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई आवाज़ों को महत्व मिलना चाहिए।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने देश के राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों से छात्र हित से जुड़े आंदोलनों का समर्थन करने की अपील की है। साथ ही, मीडिया से भी ऐसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया है।




