
रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट की जोरदार शुरुआत, मुरनार टीम ने जीता रोमांचक मुकाबला।

पखांजुर, बारदा/ जय भीम क्रिकेट क्लब पी.व्ही. 63 द्वारा आयोजित पंचायत स्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ 20 जनवरी की रात बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ है। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक प्रत्याशी रूपसिंह पोटाई का समिति द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। पोटाई ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के छायाचित्र के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। दूधिया रोशनी के बीच ग्राउंड में मौजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने जोरदार तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे माहौल पूरी तरह खेलमय हो उठा।

शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते हुए रूपसिंह पोटाई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की असली शक्ति यहां का युवा वर्ग है, युवा यदि खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ा रहे तो गांव के विकास की राह और भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने सदैव शिक्षा, संगठन और संघर्ष की राह दिखाते हुए समाज को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है और आज युवा वर्ग खेल के माध्यम से उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। पोटाई ने बताया कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं बल्कि उनमें आपसी भाईचारा, टीमवर्क और अनुशासन जैसे मूल्य भी निहित रहते हैं, जो जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने जय भीम क्रिकेट क्लब को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी पहल से युवाओं को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलता है और कई खिलाड़ी यहां से निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल, कड़ी मेहनत और खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने का संदेश दिया।
पहले ही मैच में रोमांच, सुपर ओवर तक पंहुचा मुकाबला।

शुभारंभ मैच मुरनार और पी.व्ही. 58 के बीच खेला गया, जिसने आयोजक समिति सहित दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखा। टॉस जीतकर मुरनार की टीम ने गेंदबाजी का निर्णय लिया और पी.व्ही. 58 को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले खेलते हुए पी.व्ही. 58 ने निर्धारित 10 ओवर में 135 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज पिंटू ने शानदार फॉर्म का प्रदर्शन करते हुए 69 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनकी पारी में चौकों और छक्कों की बरसात देखने को मिली, जिससे मैदान में मौजूद दर्शकों में उत्साह का माहौल बन गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुरनार की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और ताबड़तोड़ रन बटोरने शुरू कर दिए। हालांकि बीच-बीच में विकेट गिरते रहे, लेकिन बल्लेबाजों ने धैर्य नहीं खोया और हर ओवर में रन गति बनाए रखी। रोमांच तब चरम पर पहुंच गया जब अंतिम ओवर में मुरनार को जीत के लिए तेज रन चाहिए थे और दर्शकों की सांसें थम सी गई थीं। कड़ी मेहनत और शानदार स्ट्रोक प्ले की बदौलत मुरनार की टीम ने भी 10 ओवर में 5 विकेट खोकर 135 रन बना लिए, जिससे मुकाबला टाई हो गया। मैच के टाई होते ही दर्शकों में एक नई ऊर्जा जग गई और सभी की नजरें सुपर ओवर पर टिक गईं।
सुपर ओवर में मुरनार ने पहले बल्लेबाजी की और केवल छह गेंदों में 1 विकेट के नुकसान पर 20 रन जैसा मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। यह स्कोर दर्शकों में उत्साह का ज्वार ले आया। जवाब में पी.व्ही. 58 की टीम उतरी, लेकिन मुरनार के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कसा हुआ प्रदर्शन किया और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। पी.व्ही. 58 की टीम केवल 6 रन ही बना सकी। इस प्रकार टूर्नामेंट का पहला मैच मुरनार की टीम ने शानदार प्रदर्शन के साथ अपने नाम किया। पहले मैच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले खिलाड़ी रंजीत उसेण्डी को मैन ऑफ द मैच चुना गया और उन्हें विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार 25,000 रुपये एवं ट्रॉफी और द्वितीय 15,000 रुपये एवं ट्रॉफी का पुरस्कार रखा गया है। साथ ही प्रवेश शुल्क 1300 रुपये है। समिति ने जानकारी दी है कि इच्छुक टीमें समय रहते संपर्क कर प्रतियोगिता में शामिल हो सकती हैं। प्रतियोगिता के पहले ही दिन जिस तरह दर्शकों का हुजूम उमड़ा, वह इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण क्षेत्रों में क्रिकेट का जुनून किसी भी बड़े शहर से कम नहीं है। दूधिया रोशनी, आकर्षक मैदान व्यवस्था और उम्दा कमेंट्री ने मैच को और जीवंत बना दिया।

शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें वरिष्ठ नागरिक प्रेमानंद मंडल, ग्राम प्रधान समर मृधा, कांग्रेस कापसी मंडल अध्यक्ष भुवन बड़ाई, स्वपन देवनाथ, स्वपन सरकार, दीपंकर हालदार, श्याम ढाली, राजू हालदार, परमेश मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सामाजिक और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला बताया।
आयोजन समिति के संरक्षक एवं ग्राम प्रधान समर मृधा ने बताया कि जय भीम क्रिकेट क्लब पी.व्ही. 63 द्वारा आयोजित यह रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता न केवल खेल को बढ़ावा देने का माध्यम है, बल्कि सामाजिक एकता, युवा ऊर्जा और ग्रामीण प्रतिभाओं को सामने लाने की एक सार्थक पहल भी है। पहले दिन से ही जिस तरह रोमांचक मैच, जोशीले दर्शक और अनुशासित आयोजन देखने को मिला, उससे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह प्रतियोगिता और भी शानदार यादगार क्षणों का साक्षी बनेगी।




