
सेलेगांव में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर आयोजित, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश।
कोरर, सेलेगांव (श्रीदाम ढाली)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलेगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक दिवसीय योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना तथा दैनिक जीवन में योग के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत रासेयो कार्यक्रम अधिकारी खेमलाल कटेंद्र एवं स्थानीय योग विशेषज्ञ किशोर साहू के मार्गदर्शन में हुई। प्रतिभागियों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत वार्म-अप अभ्यास के बाद ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, शलभासन एवं शवासन का अभ्यास किया।
इसके बाद मानसिक शांति एवं एकाग्रता बढ़ाने के उद्देश्य से कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ध्यान लगाकर विश्व शांति एवं मानव कल्याण का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्राचार्य मोहनलाल निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक कला है। वहीं ग्राम पंचायत सेलेगांव की सरपंच श्रीमती संगीता भूआर्य ने एनएसएस इकाई के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी ने “स्वस्थ युवा, स्वस्थ भारत” के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सुमन ठाकुर, महेश साहू, प्रमिला कोरेटी, पुकेश्वर साहू, खेमराज गंगासागर, पीयूषा बंजारे, गायत्री भूआर्य, दिलीप साहू, द्वारूराम ध्रुव, द्वारिका निषाद, अलेख जैन, रूखमणि सिन्हा, लीना देवी दुग्गा, विजेंद्र बंजारे, किरण नेताम सहित विद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन अवसर पर व्याख्याता बरसन राम साहू ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज एवं फलों का स्वल्पाहार वितरित किया गया। योग शिविर का आयोजन सफल एवं प्रेरणादायक रहा।



