Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरछत्तीसगढ़भानुप्रतापपुरराज्य

भानुप्रतापपुर/ बंग समाज ने श्रद्धा और उत्साह से मनाई नेताजी की 129वीं जयंती।

प्रभात फेरी बनी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण।

भानुप्रतापपुर से श्रीदाम ढाली की रिपोर्ट

बंग समाज ने श्रद्धा और उत्साह से मनाई नेताजी की 129वीं जयंती।

भानुप्रतापपुर, 23 जनवरी। बंग समाज भानुप्रतापपुर द्वारा भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाषचंद्र बोस की 129वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में शहरभर से लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों द्वारा नेताजी के वेशभूषा में सजकर निकाली गई प्रभात फेरी रही, जिसमें नगर के मुख्य मार्गों पर बैंड दल के साथ देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक सावित्री मनोज मण्डावी थीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर, सुनील बबला पाढ़ी, राजा पाण्डेय, नरोत्तम चौहान, वीरेंद्र सिंह ठाकुर, राकेश रमानी, अनंत गोपाल कोठारी एवं तुषार ठाकुर, कृति पड्डा, निशा तिवारी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सर्वप्रथम नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रभात फेरी बनी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण।


बंग समाज के नेतृत्व में सुबह से ही दर्जनों बच्चे नेताजी की वेशभूषा में सजकर तैयार हो गए थे। किसी ने आज़ाद हिंद फौज की वर्दी पहनी थी, तो किसी ने हाथ में दिल्ली चलो का संदेश दर्शाने वाले तख्तियां थाम रखी थीं। बैंड पार्टी की धुन और जय हिंद, नेताजी अमर रहें जैसे नारों के बीच नगर में निकाली गई।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक सावित्री मनोज मण्डावी ने कहा नेताजी सुभाषचंद्र बोस केवल एक नाम नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता का सबसे प्रखर और साहसी अध्याय हैं। उनका जीवन त्याग, तपस्या और असीम राष्ट्रभक्ति से भरा हुआ था। आज के युवा वर्ग को नेताजी के संघर्ष और दृढ़ संकल्प से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कभी समझौता नहीं किया, कभी हार नहीं मानी और भारत की आज़ादी को सर्वोपरि माना। बंग समाज द्वारा नेताजी के जयंती का आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि देशसेवा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश है। मैं इस आयोजन में भाग लेकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही हूँ।
उन्होंने आगे कहा कि नेताजी ने आज़ाद हिंद फौज के माध्यम से विश्व को यह संदेश दिया था कि भारत अपने स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए किसी भी बलिदान के लिए तत्पर है। ऐसे वीर सपूतों की जयंती मनाना हमारे लिए गर्व की बात है।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर ने अपने उद्बोधन में कहा नेताजी सुभाषचंद्र बोस वह व्यक्तित्व थे जिन्होंने हर भारतवासी में आज़ादी का सपना जगाया। आज के समय में भी उनकी विचारधारा और राष्ट्रभक्ति उतनी ही प्रासंगिक है। बंग समाज द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम हमें याद दिलाता है कि हमारी आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की सही दिशा दिखाना कितना महत्वपूर्ण है। प्रभात फेरी में बच्चों की सहभागिता देखकर लगता है कि हमारे समाज के संस्कार आज भी सुरक्षित हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसी सांस्कृतिक और प्रेरणादायी गतिविधियाँ समाज को एकजुट करती हैं और नई पीढ़ी को देश के महानायकों के जीवन से जोड़ती हैं। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों को ऐसे भव्य आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
समाज प्रमुख ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि बंग समाज हर वर्ष नेताजी की जयंती को ऐतिहासिक महत्व के साथ मनाता है ताकि बच्चे और युवाजन नेताजी के जीवन संघर्ष से परिचित हों। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक समय में देशभक्ति के वास्तविक अर्थ को समझाना भी आवश्यक है, और नेताजी का जीवन इसके लिए सबसे बड़ी मिसाल है।
कार्यक्रम में पार्षद विजय धमेचा, नमन जैन, सुश्री शिप्रा शील, मायारानी सरकार, रत्ना पाल, बंग समाज के अध्यक्ष विष्णु साह, अविनाश सरकार, बाबूलाल विश्वास, मलय विश्वास, सुभाष बड़ाई, आर.एन. विश्वास सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएँ और बच्चे उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए समाज के सदस्यों ने सभी अतिथियों, नागरिकों और बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!