Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
नारायणपुरलोकल न्यूज़शिक्षा

ओरछा (नारायणपुर)/ 5 वर्षों से अधूरा प्राथमिक विद्यालय भवन, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

बस्तर टाइम्स के लिए सुब्रत कुमेटी की रिपोर्ट

5 वर्षों से अधूरा प्राथमिक विद्यालय भवन, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

5 साल से पड़ा अधूरा स्कूल भवन

ओरछा (नारायणपुर)। ब्लॉक ओरछा के अंतर्गत ग्राम पंचायत आदनार में प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण पिछले लगभग पांच वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। शिक्षा को मजबूत बनाने के सरकारी दावों के बीच अधूरा निर्माण कार्य स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन का निर्माण कार्य करीब पांच वर्ष पूर्व शुरू किया गया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है। अधूरी दीवारें, बिना छत का ढांचा और निर्माण सामग्री के अवशेष आज भी मौके पर पड़े हुए हैं। भवन अधूरा रहने के कारण बच्चों को अस्थायी स्थानों पर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

भवन न होने कारण विद्यार्थी यह पढ़ने को मजबूर

अभिभावकों का कहना है कि बरसात और गर्मी के मौसम में बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पर्याप्त कक्ष कक्षाएं न होने के कारण शिक्षण कार्य व्यवस्थित रूप से संचालित नहीं हो पा रहा है। इससे विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और विभाग को मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अब तक निर्माण कार्य में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। न तो निर्माण एजेंसी की ओर से स्पष्ट जानकारी दी गई और न ही कार्य पूर्ण करने की समयसीमा बताई गई है।

एक अभिभावक ने नाराजगी जताते हुए कहा पांच साल से केवल आश्वासन मिल रहे हैं। हमारे बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। यदि समय पर भवन बन जाता तो बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिलतीं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य में हुई देरी की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए तथा प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र हस्तक्षेप करे, ताकि क्षेत्र के बच्चों को सुरक्षित और व्यवस्थित शिक्षण वातावरण मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!