
छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI ने सौंपा ज्ञापन।
पखांजूर, 30 मार्च। शासकीय वीर गेंद सिंह महाविद्यालय, पखांजूर में सोमवार को NSUI के बैनर तले छात्रों ने राज्यपाल के नाम प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे एवं जिला अध्यक्ष सुमित राय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष शुभाशीष साना ने किया। ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के महाविद्यालयों में पिछले कई वर्षों से छात्र संघ चुनाव लंबित हैं, जिससे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
इस दौरान NSUI के पूर्व जिला महासचिव विक्रम मल्लिक ने कहा कि छात्र संघ चुनाव नहीं होने से महाविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी मंच नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति से ही भविष्य का नेतृत्व तैयार होता है, जिसे वर्तमान में नजरअंदाज किया जा रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए तथा चुनाव की समय-सीमा और स्पष्ट रूपरेखा शीघ्र घोषित की जाए। साथ ही चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की भी मांग की गई है। NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर शुभाशीष साना, विक्रम मल्लिक, रमेन सरकार, राजेश विश्वास, अंकित मंडल, राहुल कर, सजल विश्वास, आकाश, अनिर्बन सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




