भानुप्रतापपुर/ सामूहिक रूप से सुना गया ‘मन की बात’, पीएम मोदी ने दिया एकजुटता का संदेश।

भानुप्रतापपुर में सामूहिक रूप से सुना गया ‘मन की बात’, पीएम मोदी ने दिया एकजुटता का संदेश।
भानुप्रतापपुर, 29 मार्च/ भानुप्रतापपुर के पुनर्वास केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष डिगेश खापर्डे, महामंत्री राजीव श्रीवास, तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार उर्वशा, के.के. भास्कर, सावन कुमार, सुरेश दुबे तथा रायपुर से आए जनसंपर्क विभाग के सदस्य पुनर्वास केंद्र पहुंचे। सभी ने मिलकर ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को ध्यानपूर्वक सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने देशवासियों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने जनभागीदारी की शक्ति पर जोर देते हुए वाराणसी में एक घंटे में 2.51 लाख पौधे लगाए जाने का उदाहरण दिया और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की सराहना की।
जल संरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि गर्मियों में पानी बचाना बेहद जरूरी है और ‘अमृत सरोवर’ जैसे अभियान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्वास्थ्य के विषय में उन्होंने लोगों को चीनी और खाने के तेल का सेवन कम करने की सलाह दी तथा योग को अपनाने का आह्वान किया। खेल जगत का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने भारतीय क्रिकेट टीम की उपलब्धियों की सराहना की और युवाओं को प्रेरणा लेने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि 140 करोड़ भारतीय मिलकर हर चुनौती का सामना कर सकते हैं।




