भानुप्रतापपुर/ मौसम ने ली अचानक करवट, हल्की बारिश से राहत, मक्का किसानों की बढ़ी चिंता।

मौसम ने ली अचानक करवट, हल्की बारिश से राहत, मक्का किसानों की बढ़ी चिंता।
भानुप्रतापपुर(5 अप्रैल 2026)/ क्षेत्र में आज सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की फुल्की बारिश भी दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच यह बदलाव लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। तापमान में आई गिरावट के कारण सुबह का मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह की ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह मौसम किसी राहत से कम नहीं है।
हालांकि, जहां आम लोगों को इस मौसम से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए चिंता भी बढ़ गई है। खासकर मक्का की खेती करने वाले किसान इस मौसम को लेकर सतर्क हो गए हैं। किसानों का कहना है कि अगर बारिश के साथ तेज हवा चलती है, तो मक्का की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। मक्का की फसल इस समय ऐसी अवस्था में है, जहां तेज हवा या आंधी से पौधे गिर सकते हैं, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की संभावना बढ़ जाती है। किसानों ने बताया कि हल्की बारिश तो फसल के लिए लाभदायक हो सकती है, लेकिन तेज हवाएं नुकसानदेह साबित हो सकती हैं। इसलिए किसान लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए हैं।
वहीं, मौसम में आई ठंडक का असर बाजारों पर भी दिखाई देगा तापमान गिरने के कारण कूलर, पंखे और फ्रीज की बिक्री में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में जहां इन उपकरणों की मांग बढ़ी थी, वहीं अब मौसम बदलने से बिक्री पर असर पड़ सकता है। भानुप्रतापपुर में मौसम का यह अचानक बदलाव जहां एक ओर गर्मी से राहत लेकर आया है, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए नई चिंता भी खड़ी कर गया है।




