भानुप्रतापपुर/ विधायक सावित्री मण्डावी और ब्लॉक अध्यक्ष पर लगाए गए आरोप निराधार, षड्यंत्रकारियों के मोहरे बने उज्ज्वल दीवान: रवि दुग्गा।

विधायक सावित्री मण्डावी और ब्लॉक अध्यक्ष पर लगाए गए आरोप निराधार, षड्यंत्रकारियों के मोहरे बने उज्ज्वल दीवान: रवि दुग्गा।
भानुप्रतापपुर @ 7 अप्रैल 2026। पिछले दिनों भानुप्रतापपुर मुख्य चौक में दुर्गुकोंदल क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा एसडीओपी का पुतला दहन किए जाने के मामले में विधायक सावित्री मण्डावी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील बबला पाढ़ी पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह मिथ्या, राजनीति से प्रेरित और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रवि दुग्गा ने इन आरोपों का खंडन करते हुए इसे विधायक की छवि धूमिल करने की एक गहरी साजिश करार दिया है।
दुग्गा ने कहा कि उज्ज्वल दीवान नामक व्यक्ति को सामने रखकर कुछ निम्न प्रवृत्ति के लोग विधायक और ब्लॉक अध्यक्ष को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। उज्ज्वल दीवान किसके इशारे पर और किसके संरक्षण में इस तरह के बेबुनियाद बयान दे रहे हैं, इसकी सूक्ष्मता से जांच कराई जाएगी। जल्द ही इन ‘पर्दे के पीछे’ बैठे चेहरों का पर्दाफाश किया जाएगा।
रेत उत्खनन और एसडीओपी मामला
दुर्गुकोंदल क्षेत्र में हो रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर ‘एसडीओपी हटाओ, रेत बचाओ’ आंदोलन की आड़ में क्षेत्र का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। विधायक और ब्लॉक अध्यक्ष का नाम घसीटना केवल राजनीतिक रोटियां सेकने का जरिया मात्र है। वैसे भी सर्वविदित है कि पूरे क्षेत्र के अवैध रेत खदानों में भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त हैं जिसके विरोध में विधायक के द्वारा विधानसभा में आवाज उठाने के बाद चारामा सहित दुर्गुकोंदल क्षेत्र में अवैध रेत खदानों में खनिज विभाग द्वारा कार्यवाही जारी है। जिसकी जानकारी प्रेसनोट के माध्यम से दिया गया है।
पट्टा आबंटन पर स्पष्टीकरण: उज्ज्वल दीवान द्वारा पट्टे को लेकर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए दुग्गा ने कहा कि भानुप्रतापपुर के 500 से अधिक लोगों को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजना के तहत प्रीमियम पट्टे दिए गए हैं। विधायक सावित्री मण्डावी के पुत्र के नाम पर पट्टा वर्ष 2020 में बना था, जबकि वह स्वयं वर्ष 2022 में विधायक बनी हैं। ऐसे में सत्ता के दुरुपयोग का आरोप हास्यास्पद है।
भाजपा नेताओं के दोहरे मापदंड: प्रवक्ता ने यह भी पूछा कि इसी योजना के तहत कई भाजपा नेताओं ने भी पट्टे लिए हैं, उन पर आरोप क्यों नहीं लगाए जा रहे? केवल विधायक और ब्लॉक अध्यक्ष को निशाना बनाना यह सिद्ध करता है कि यह एक सोची-समझी साजिश है।
मानहानि की चेतावनी: विज्ञप्ति में कहा गया है कि विधायक सावित्री मण्डावी की छवि क्षेत्र में अत्यंत स्वच्छ है और जनता उनके कार्यों से भलीभांति परिचित है। इस तरह के बेबुनियाद आरोपों से उनकी छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ मानहानि का दावा किया जाएगा।
जनता भानुप्रतापपुर विधायक के कार्यों और उनकी निष्ठा को भली-भांति जानती है। कुछ लोगों द्वारा सिखा-पढ़ाकर दिलवाए गए बयानों से सत्य नहीं बदल सकता। कांग्रेस पार्टी इस तरह की ओछी राजनीति का पुरजोर विरोध करती है और कानूनी मार्ग अपनाकर इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।




