Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरछत्तीसगढ़पखांजुरशिक्षा

पखांजुर/ हाँकेर स्कूल का 10वीं-12वीं परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, विद्यार्थियों ने रचा सफलता का इतिहास।

हाँकेर स्कूल का 10वीं-12वीं परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, विद्यार्थियों ने रचा सफलता का इतिहास।

पखांजुर@10 मई 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा दिनांक 29 अप्रैल 2026 को घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाँकेर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है। विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 34 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे, जिनमें से सभी 34 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें 29 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय का मान बढ़ाया, जबकि 5 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता हासिल की। कक्षा 10वीं में दीपमाला मजदूर ने 95.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बिजन मजुमदार ने 90.17 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा बिश्वजीत बिस्वास ने 88 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान पर अपना स्थान सुनिश्चित किया।

इसी प्रकार कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम भी अत्यंत उत्साहजनक रहे। कुल 40 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें सभी विद्यार्थी सफल रहे। इनमें 34 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि 6 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। कक्षा 12वीं में पायल देवनाथ ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। संजना बिस्वास ने 89.4 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि महेन्द्र नरेटी ने 88.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के इस शानदार परिणाम के पीछे विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन एवं अभिभावकों का सहयोग प्रमुख कारण माना जा रहा है। विद्यालय के प्राचार्य श्री गोपाल केंद्र रास ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष किशोर हावलदार, उपाध्यक्ष मंगलराम सहित सदस्य सुरुदेव ऑनसा, प्रवीराम आचेला, विकास देवनार, पुनजेय मजुमदार एवं प्रताप हावलदार ने भी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्राचार्य को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाई प्रदान की है, जो अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि से यह स्पष्ट होता है कि समर्पण, अनुशासन और सतत प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!