
पखांजूर-भानुप्रतापपुर मार्ग पर ओवरलोड लौह अयस्क वाहन बने मुसीबत, सड़क क्षतिग्रस्त; आप ने तत्काल कार्रवाई की मांग।
बस्तर टाइम्स न्यूज, पखांजुर/ पखांजूर-भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग पर ओवरलोड लौह अयस्क से भरे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति बदहाल होती जा रही है। भारी वाहनों के दबाव के कारण सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे आम राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता एवं बस्तर लोकसभा अध्यक्ष नरेन्द्र नाग ने आरोप लगाया कि खनिज परिवहन के नाम पर नियम-कायदों को ताक पर रखकर ओवरलोड वाहनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों के कारण सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।
आम आदमी पार्टी कांकेर के जिला उपाध्यक्ष ऋषि मजूमदार ने कहा कि इस मार्ग से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, ग्रामीण और अन्य राहगीर रोजाना आवागमन करते हैं। तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही के बीच उन्हें जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलना पड़ता है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़, गड्ढों और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।
आम आदमी पार्टी जिला कांकेर ने प्रशासन से मांग की है कि पखांजूर-भानुप्रतापपुर मार्ग पर तत्काल विशेष जांच अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वाहनों के वजन की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा भारी वाहनों से सड़क को होने वाले नुकसान की भरपाई संबंधित परिवहनकर्ताओं से कराई जाए।
नरेन्द्र नाग ने कहा कि यदि सरकार लौह अयस्क परिवहन से राजस्व अर्जित कर रही है, तो उस राजस्व का एक हिस्सा जनता के लिए सुरक्षित सड़कों और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल खनिज परिवहन की अनुमति देकर प्रशासन सड़क और आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी रोक लगाने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जनहित में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।




