
तिरंगे की शान में उमड़ा जनसैलाब, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा छुईपाली।
बस्तर टाइम्स न्यूज, सरायपाली/ भारतीय जनता पार्टी मंडल छुईपाली द्वारा राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा एवं बाइक रैली पूरे उत्साह और जोश के साथ सम्पन्न हुई।
बटकी (छुईपाली) से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा मल्दामाल स्थित शिशुपाल पर्वत पहुंची, जहां यात्रा का भव्य समापन हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के उत्साह, भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
यात्रा में मंडल अध्यक्ष अनिल साहू, मंडल महामंत्री धनीराम पटेल, मंडल महामंत्री संजय प्रधान सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष हितेश यादव महामंत्री शिशुपाल साहू उपाध्याय करुणा साहू प्रदीप पटेल पंचानन साहू , महिला मोर्चा तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। युवाओं का जोश और मातृशक्ति की गरिमामयी सहभागिता ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तिरंगे की आन-बान-शान को बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
यह तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना, मातृभूमि के प्रति सम्मान और देश की एकता-अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का संदेश बनी। पूरे मार्ग में उमड़ा उत्साह यह दर्शाता है कि देशभक्ति की भावना जन-जन के हृदय में जीवंत है।
भाजपा मंडल छुईपाली की ओर से आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
विज्ञापन









