भानुप्रतापपुर/ सेलेगांव स्कूल में एनएसएस अभिमुखीकरण कार्यक्रम, विद्यार्थियों को समाज सेवा का दिया संदेश।
एनएसएस के इतिहास, उद्देश्य और "मैं नहीं, आप" के आदर्श वाक्य से विद्यार्थियों को कराया गया परिचित, समाज सेवा के लिए किया प्रेरित।

सेलेगांव स्कूल में एनएसएस अभिमुखीकरण कार्यक्रम, विद्यार्थियों को समाज सेवा का दिया संदेश।
बस्तर टाइम्स न्यूज, भानुप्रतापपुर/ कांकेर जिले के सेलेगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एनएसएस के उद्देश्यों, सिद्धांतों और सामाजिक दायित्वों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वयंसेवकों ने एनएसएस लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्राचार्य मोहन लाल निषाद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम है। इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समाज सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से एनएसएस से जुड़कर समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी खेमलाल कटेंद्र ने राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्य, आदर्श वाक्य “मैं नहीं, आप” तथा वर्षभर संचालित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में व्याख्याताओं द्वारा राष्ट्रीय युवा गीत की प्रस्तुति दी गई। वहीं वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा कर नवप्रवेशी विद्यार्थियों को एनएसएस से जुड़कर समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन व्याख्याता बरसन राम साहू के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।




