
नाबालिग बेटी से दुष्कर्म और नवजात को बेचने के आरोप में पिता समेत छह गिरफ्तार।
बस्तर टाइम्स न्यूज, रायपुर/ राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग बेटी के साथ कथित रूप से लगातार दुष्कर्म करने और उसके नवजात बच्चे को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में नाबालिग के पिता और बुआ समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो निजी अस्पतालों के नर्स और स्टाफ भी शामिल बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के गर्भवती होने के बाद उसकी वास्तविक उम्र छिपाने की कथित साजिश रची गई। आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड तैयार कर उसकी उम्र 20 वर्ष दर्शाई और इसी दस्तावेज के आधार पर निजी अस्पताल में उसकी डिलीवरी कराई गई। नाबालिग ने एक बेटे को जन्म दिया।
आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद उसे पखांजूर निवासी एक दंपति को करीब डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया गया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और घटनाक्रम से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की।
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग के पिता और बुआ सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अस्पताल में नाबालिग की डिलीवरी कराने और नवजात को कथित तौर पर बेचने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ राजेंद्र नगर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




