
दो साल से सूखी पड़ी पानी टंकी नलों में नहीं पहुंचा एक बूंद पानी।
संगम, बारकोट, 28 मार्च(सुब्रत कुमेटी)/ कोयलीबेड़ा ब्लॉक के श्रीपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम बारकोट में पेयजल की समस्या गंभीर होती जा रही है गांव में करीब दो साल पहले पानी की टंकी बनाई गई थी लेकिन आज तक घरों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि पानी टंकी सिर्फ दिखावे के लिए बनाई गई है। पाइपलाइन बिछाने का काम भी किया गया लेकिन नलों में आज तक एक बूंद पानी नहीं पहुंचा है इससे साफ है कि योजना अधूरी छोड़ दी गई है या फिर उसकी सही तरीके से देखरेख नहीं की जा रही है।
गांव में कुल 32 घर हैं और इसे तीन पारा में बांटा गया है जानकारी के अनुसार गांव में दो जगह पानी की टंकी लगाई गई है जबकि एक पारा आज भी इस सुविधा से वंचित है उस पारा के लोगों को पीने के पानी के लिए ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है उन्हें दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है जिससे उनका समय और मेहनत दोनों बर्बाद होता है।
गांव की महिलाओं ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उन्हें रोज सुबह पानी भरने के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ती है कई बार घंटों इंतजार करने के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। इससे घर के कामकाज जैसे खाना बनाना सफाई करना और बच्चों की देखभाल करना भी प्रभावित होता है। महिलाओं का कहना है कि जब टंकी होने के बावजूद घर तक पानी नहीं पहुंच रहा तो इस व्यवस्था का कोई फायदा नहीं है।
ग्रामीण शिवनाथ ने बताया कि गांव में टंकी और पाइपलाइन दोनों मौजूद हैं, लेकिन पानी सप्लाई शुरू नहीं होने से लोगों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है उन्होंने यह भी कहा कि गांव में साफ पीने के पानी की व्यवस्था भी ठीक नहीं है जिससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है सरपंच और अन्य जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे को नजरअंदाज कर रहे हैं जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द पानी सप्लाई शुरू की जाए और जिन जगहों पर टंकी नहीं लगी है वहां भी व्यवस्था की जाए।




