Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरकोररछत्तीसगढ़भानुप्रतापपुरशिक्षा

भानुप्रतापपुर, कोरर/ सेलेगांव में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, 26 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरी, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिली सहयोग राशि।

सेलेगांव में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, 26 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल

    बस्तर टाइम्स न्यूज, कोरर/ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलेगांव में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सेलेगांव की सरपंच श्रीमती संगीता भूआर्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य मोहनलाल निषाद ने की। विशिष्ट अतिथियों में शाला विकास समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शुक्ला, शिक्षाविद बंशीलाल साहू, रामा साहू, श्रीमती सुरजोतिन देहारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय वातावरण प्रदान किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिक्षाप्रद नाटक और लोकनृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित पालकों एवं अतिथियों की खूब सराहना बटोरी।

विद्यालय में पहली बार प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मिली सहयोग राशि।

शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से शिक्षाविद बंशीलाल साहू ने प्रतिभावान जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शिक्षण सामग्री के लिए एक-एक हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता भूआर्य ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए और समाज को ऐसे विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।

26 छात्राओं को मिली सरस्वती साइकिल।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सरस्वती साइकिल सहायता योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं की 26 छात्राओं को नई साइकिलों का वितरण रहा। दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को साइकिलें प्रदान कर अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

प्राचार्य मोहनलाल निषाद ने बताया कि इस योजना से छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा दूरी के कारण होने वाली शैक्षणिक कठिनाइयों में कमी आएगी। उन्होंने पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। वरिष्ठ व्याख्याता बरसन साहू ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता के. एल. कटेंद्र ने किया।

इस अवसर पर व्याख्याता महेश साहू, सुमन ठाकुर, प्रमिला कोरेटी, पुकेश्वर साहू, खेमराज गंगासागर, पीयूषा बंजारे, गायत्री भूआर्य, दिलीप साहू, तरुणा साहू, लीना देवी दुग्गा, किरण नेताम, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!