दुर्गूकोंदल/ बसंत पंचमी पर साधु मिचगांव में ग्रामीण खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी ने खो-खो, कबड्डी व वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का किया उद्घाटन

दुर्गुकोंडाल से श्रीदाम ढाली की रिपोर्ट
बसंत पंचमी पर साधु मिचगांव में ग्रामीण खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ।

दुर्गूकोंदल, 24 जनवरी। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर दुर्गुकोंदल विकासखंड के ग्राम पंचायत साधु मिचगांव में ग्रामीण स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित खो-खो, कबड्डी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के उद्घाटन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर ग्रामीणों एवं आयोजन समिति द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी ने कहा कि ग्रामीण अंचल में इस प्रकार की खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन अत्यंत सराहनीय पहल है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलना बहुत जरूरी है और ऐसे आयोजनों से गांवों के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है।

श्रीमती नरेटी ने कहा कि खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे पारंपरिक और लोकप्रिय खेल ग्रामीण क्षेत्र की पहचान हैं। इन खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर इस प्रकार के आयोजन के लिए आयोजन समिति एवं ग्राम पंचायत को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सिरों कोमरे, भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के प्रचार-प्रसार मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान, दुर्गुकोंदल भाजपा मंडल महामंत्री रामचंद्र कल्लो, गांव के गयता पटेल सहित अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, युवा खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन का संकल्प लिया।




