
12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम रहीं, श्री अग्र शिरोमणि संस्था ने किया सम्मानित
सरायपाली, 26 मई 2026/ सरायपाली नगर की होनहार छात्रा शहनाज परवीन ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की टॉप-10 सूची में चौथा स्थान तथा जिले में प्रथम स्थान हासिल कर नगर का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
शहनाज परवीन की इस सफलता पर श्री अग्र शिरोमणि संस्था, सरायपाली ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। संस्था की ओर से छात्रा को सम्मानित करते हुए 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि ऑनलाइन उनके खाते में भेजी गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शहनाज ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज, विद्यालय और सरायपाली नगर का गौरव प्रदेश स्तर पर बढ़ाया है। संस्था ने बताया कि उसका उद्देश्य शिक्षा, खेल, कला अथवा अन्य किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करना है, चाहे वे किसी भी जाति, धर्म या समुदाय से संबंधित हों।
शहनाज की उपलब्धि से नगर के विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का उत्साह मिलेगा।




