
सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान समारोह सम्पन्न, शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर दी भावभीनी विदाई।
पखांजुर, 1 जून 2026। विकासखंड कोयलीबेड़ा में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए चार वरिष्ठ शिक्षकों के सम्मान में भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनकी सेवानिवृत्ति तिथि पर ही पेंशन प्रकरण, अवकाश नगदीकरण एवं जीआईएस (समूह बीमा) से संबंधित सभी देयकों का निराकरण कर आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए गए।
सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों में श्री शक्तिपद विश्वास (प्रधान अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय पी.व्ही.-91), श्री शंकरलाल हुपेंडी (प्रधान अध्यापक, माध्यमिक विद्यालय कड़मे), श्री विप्रदास बागची (प्रधान अध्यापक, माध्यमिक विद्यालय पी.व्ही.-44) तथा श्रीमती भारती मंडल (प्रधान अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय पी.व्ही.-08) शामिल हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू सरदार, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत एवं अध्यक्ष शिक्षा समिति, विकासखंड कोयलीबेड़ा रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबे शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की आधारशिला होते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों के स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी श्री देवकुमार शील ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने विभाग द्वारा सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन एवं अन्य प्रकरणों का निराकरण किए जाने को सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर विकासखंड के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विप्लव बनर्जी (बीआरसी), कौशल नेताम (पेंशन शाखा प्रभारी), बाबूल शील, रंजन दास एवं डॉ. कृष्णपाल राणा का विशेष योगदान रहा। डॉ. कृष्णपाल राणा ने कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन किया।




