
श्रीदाम ढाली की रिपोर्ट
चारामा महाविद्यालय में उत्तर बस्तर सेक्टर स्तरीय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता संपन्न, नारायणपुर ने जीता फाइनल।
चारामा @ 11 फरवरी। शासकीय गेंद सिंह महाविद्यालय चारामा में बुधवार को उत्तर बस्तर सेक्टर स्तरीय पुरुष खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष अंकित जैन ने माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में रूपेश देवांगन, राम भरोसा यादव, टीकम साहू, वासुदेव साहू एवं संजय मरकाम उपस्थित रहे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. के.के. मरकाम ने कहा कि खो-खो भारत का प्राचीन एवं गौरवशाली खेल है, जिसका उल्लेख भारतीय संस्कृति और साहित्य में मिलता है। यह खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और त्वरित निर्णय क्षमता का भी विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की।

मुख्य अतिथि अंकित जैन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी पूरी क्षमता और आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरें तथा अपने महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल पांच महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला पीजी कॉलेज कांकेर और पीजी कॉलेज नारायणपुर के बीच खेला गया, जिसमे नारायणपुर टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 16-14 से ट्रॉफी अपने नाम किया। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आयशा कुरैशी, दीपिका सोम, रविंद्र सिंह चंद्रवंशी, कुलेश्वर प्रसाद साहू, डॉ. अभिषेक मिश्रा, कमल नारायण ठाकुर, हेम प्रसाद पटेल, डोमेश केमरो, एच. आर. यदु, सावन पडोटी, मुकेश डहरवाल, श्रीदाम ढाली, महेश कतलाम, लुकेश्वरी ऊईके, प्रियंका दौलतानी सहित समस्त प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पूजा सोनकर ने किया।




