भानुप्रतापपुर/ स्कूल की गरिमा बनाए रखने के संकल्प के साथ बारहवीं के विद्यार्थियों ने किया दीपदान।

स्कूल की गरिमा बनाए रखने के संकल्प के साथ बारहवीं के विद्यार्थियों ने किया दीपदान।
भानुप्रतापपुर@15 फरवरी/ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेलेगांव में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की प्रतिमा एवं ज्ञान की देवी मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर की गई।
इस अवसर पर प्राचार्य मोहनलाल निषाद एवं शिक्षक बरसन राम साहू ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, परिश्रम और समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी लगन से अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में व्याख्याता महेश साहू, सुमन ठाकुर, प्रमिला कोरेटी और द्वारु राम ध्रुव ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं व्याख्याता खेमलाल कटेंद्र ने विद्यार्थियों के साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए एक भावपूर्ण विदाई गीत प्रस्तुत किया, जिससे माहौल भावुक हो गया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रोचक और मनोरंजक खेलों में भाग लिया तथा विद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में अनुशासन और गरिमा बनाए रखने का संकल्प लेते हुए कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से दीपदान कर शाला की जिम्मेदारियां सौंपी।
कार्यक्रम के अंत में कक्षा 12वीं के सभी छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुकेश्वर साहू, खेमराज गंगासागर, गायत्री भूआर्य, दिलीप साहू, तरुणा साहू, यामिनी साहू, द्वारिका निषाद, अलेख जैन, किशोर साहू, मधु वर्मा, लीना देवी दुग्गा, विजेंद्र बंजारे, किरण नेताम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




