
पखांजूर में रेत तस्करी के विरोध में शिवसेना का प्रदर्शन, जिला खनिज अधिकारी का पुतला दहन।
पखांजूर@22 फरवरी। पूरे कांकेर जिला सहित परलकोट क्षेत्र में हो रही कथित रेत तस्करी के विरोध में शिवसेना ने उग्र विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला खनिज अधिकारी कांकेर का पुतला दहन किया। शिवसेना पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि परतापुर नदी से जिला खनिज विभाग के संरक्षण में हाईवा, चैन माउंटेन और अन्य संसाधनों का उपयोग कर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कहा कि परलकोट क्षेत्र में सक्रिय खनन माफिया खुलेआम अवैध रेत तस्करी कर रहे हैं, जिससे शासन को राजस्व की हानि हो रही है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि परलकोट क्षेत्र में हो रही रेत तस्करी पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा इसमें संलिप्त खनन माफियाओं और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसेना द्वारा आंदोलन को और व्यापक स्तर पर किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।




