Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरभानुप्रतापपुरशिक्षा

भानुप्रतापपुर/ स्वर्णिम उपलब्धि: भानुप्रतापपुर कॉलेज की छात्राओं ने विश्वविद्यालय मेरिट सूची में लहराया परचम।

स्वर्णिम उपलब्धि: भानुप्रतापपुर कॉलेज की छात्राओं ने विश्वविद्यालय मेरिट सूची में लहराया परचम।

भानुप्रतापपुर@6 मार्च/ शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय द्वारा जारी वर्ष 2024-25 की एमएससी प्राणीशास्त्र की मेरिट सूची में शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। जूलॉजी विभाग की छात्रा वंदना नेताम ने 84.58 प्रतिशत अंक अर्जित कर गोल्ड मेडल की उपाधि हासिल की है। वहीं एमएससी जूलॉजी की ही छात्रा किरण कोरेटी ने 79.67 प्रतिशत अंक के साथ मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया, जबकि पूर्णिमा साहू ने 79.42 प्रतिशत अंक अर्जित कर नवां स्थान हासिल किया।

 

यह उपलब्धि न केवल छात्राओं की मेहनत का परिणाम है, बल्कि महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। परिणाम घोषित होते ही महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखा गया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल की छात्राओं का इस प्रकार विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना यह दर्शाता है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

जूलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नसीम अहमद मंसूरी एवं सहायक प्राध्यापक ईश्वर सिन्हा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विभाग के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि छात्राओं ने निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। विभाग में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित प्रैक्टिकल और शोधपरक अध्ययन पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका परिणाम आज सामने है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभाग इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

महाविद्यालय परिवार ने भी वंदना नेताम, किरण कोरेटी एवं पूर्णिमा साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि से भानुप्रतापपुर क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा में और वृद्धि हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!