भानुप्रतापपुर/ छात्रों का कैंडल मार्च, शहीद छात्रों को श्रद्धांजलि; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जताई खुशी।

भानुप्रतापपुर में छात्रों का कैंडल मार्च, शहीद छात्रों को श्रद्धांजलि; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जताई खुशी।
बस्तर टाइम्स न्यूज, भानुप्रतापपुर/ NEET से लेकर SSC तक लगातार सामने आए पेपर लीक मामलों और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को भानुप्रतापपुर छात्र संगठन ने महाराजाधिराज भानुप्रतापदेव चौक पर कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
छात्रों ने मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रखा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने “छात्र एकता जिंदाबाद” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लगाए।
छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर के छात्रों द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन चलाया गया था और इसे छात्रों की जीत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक से आहत होकर पिछले वर्ष 16 छात्रों ने आत्महत्या की थी तथा जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई में दो छात्रों की मृत्यु हुई। इन सभी दिवंगत छात्रों की स्मृति में कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी गई।
छात्र नेताओं ने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था सुरक्षित और पारदर्शी नहीं होगी, तब तक देश का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। उन्होंने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस दौरान चंद्रमौली मिश्रा, सितेश हिड़को, रविंद्र कड़ियाम, योगेश यादव, बिरेंद्र टेकाम, भुवन मरकाम, अजय उसेंडी, ईश्वर गावड़े, शंकर दुग्गा, लखन तुलावी, सतेंद्र नेताम, मंसिंग नरेटी, जयता जाड़े सहित अनेक छात्र उपस्थित रहे।




