भानुप्रतापपुर/ मानवता की मिसाल: श्रीदाम ढाली ने जरूरतमंद गर्भवती महिला के लिए 12वीं बार किया रक्तदान।

मानवता की मिसाल: श्रीदाम ढाली ने जरूरतमंद गर्भवती महिला के लिए 12वीं बार किया रक्तदान।
भानुप्रतापपुर@6 मार्च। समाज सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष श्रीदाम ढाली ने एक बार फिर जरूरतमंद की मदद के लिए आगे बढ़कर रक्तदान किया। उन्होंने गौतम हॉस्पिटल भानुप्रतापपुर में भर्ती एक गर्भवती महिला के लिए 12वीं बार रक्तदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार पखांजुर क्षेत्र के ग्राम पी. व्ही. 17 की निवासी श्रीमती कनिका राय गर्भावस्था के दौरान उपचार के लिए गौतम हॉस्पिटल भानुप्रतापपुर में भर्ती थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने बताया कि उनके प्लेटलेट्स काफी कम हो गए हैं, जिसके कारण तत्काल बी पॉजिटिव (B+) रक्त की आवश्यकता थी।
रक्त की आवश्यकता की सूचना मिलते ही श्रीदाम ढाली बिना देर किए अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर मरीज की मदद की। यह उनका 12वां रक्तदान है। समय पर रक्त मिलने से महिला के उपचार में काफी सहायता मिली और परिजनों ने राहत की सांस ली। मरीज के परिजनों ने श्रीदाम ढाली के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर रक्तदान मिलने से उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई।
विभागाध्यक्ष श्रीदाम ढाली ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समाज में अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए आगे आएं, तो किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।




