
महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.81 क्विंटल गांजा समेत 2.06 करोड़ की संपत्ति जब्त, पांच तस्कर गिरफ्तार।
महासमुंद(4 अप्रैल 2026)/ जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस ने कुल 281.900 किलोग्राम (लगभग 2.81 क्विंटल) गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, यह गांजा ओडिशा के फुलबनी जिले से महाराष्ट्र के पुणे ले जाया जा रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक फॉर्च्यूनर (MH 12 WC 0090) और एक स्कॉर्पियो (MH 12 YH 0090) को रोककर जांच की गई। दोनों वाहनों से गांजा से भरी बोरियां बरामद हुईं।
कार्रवाई में महाराष्ट्र निवासी पांच आरोपियों—प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, अक्षय नंदकुमार निगम, अभिषेक डेविड जगले और महेश काटकर—को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक फॉर्च्यूनर कार (कीमत 40 लाख रुपये), एक स्कॉर्पियो कार (कीमत 25 लाख रुपये) और चार मोबाइल फोन (कीमत 50 हजार रुपये) जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये आंका गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।




