भानुप्रतापपुर/ ग्राम मुल्ला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, बच्चों को बांटे गए नए गणवेश व किताबें।

ग्राम मुल्ला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, बच्चों को बांटे गए नए गणवेश व किताबें।

बस्तर टाइम्स न्यूज़, भानुप्रतापपुर। शिक्षा के नए सत्र की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र के स्कूलों में प्रवेश उत्सव की धूम है। इसी कड़ी में भानुप्रतापपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुल्ला में शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल पहुंचे नए बच्चों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया।*
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य विष्णु कचलाम उपस्थित रहे। उनके साथ ही ग्राम के सरपंच तुमन मण्डावी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुलदीप, अनूप सोनवानी, मीना नेताम, धनेश्वरी ताराम, वंदना मैहान विशेष रूप से मौजूद रहे।
बच्चों को मिलीं किताबें और यूनिफॉर्म।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों को शासन की योजना के तहत निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश का वितरण किया गया। नया गणवेश और किताबें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। मुख्य अतिथि और जनप्रतिनिधियों ने पहली बार स्कूल की चौखट पर कदम रखने वाले नव-प्रवेशी बच्चों का विशेष स्वागत किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ने व देश का अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला विकास समिति के सदस्य, नव-प्रवेशी बच्चों के अभिभावक और भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।




