Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
छत्तीसगढ़महासमुन्द

महासमुन्द/ गांजा तस्करी के सोर्स प्वाइंट तक पहुंची महासमुंद पुलिस, ओडिशा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

गांजा तस्करी के सोर्स प्वाइंट तक पहुंची महासमुंद पुलिस, ओडिशा से मुख्य आरोपी गिरफ्तार।

महासमुंद, 13 अगस्त 2026। महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए तस्करी के सोर्स प्वाइंट तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर ओडिशा के अंगुल जिले में दबिश देकर गांजा सप्लाई करने के आरोप में बिकास कुमार साहू (35) को गिरफ्तार किया है।

मामला थाना सिंघोड़ा के अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। करीब दो माह पूर्व 6 जून 2026 को महासमुंद पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में कटहल की आड़ में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रेहटीखोल स्थित अंतरराज्यीय जांच नाका पर वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 के आधार पर पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में कटहल के नीचे बोरियों में छिपाकर रखा गया 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये बताई गई।

मौके से पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन सहित कुल 70 लाख 93 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की थी। मामले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के निवासी धीरेंद्र कुमार गौतम (42) और लवकुश गौतम (22) को उसी दिन गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

ओडिशा से जुड़ा तस्करी का सोर्स प्वाइंट

मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए महासमुंद पुलिस ने तस्करी के सोर्स प्वाइंट, परिवहन और डेस्टिनेशन प्वाइंट को जोड़ते हुए एंड-टू-एंड एवं वित्तीय जांच की। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी बिकास कुमार साहू, निवासी माथासाही, थाना चौलियागंज, जिला कटक (ओडिशा) के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

इसके बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा के अंगुल जिले में दबिश देकर आरोपी बिकास कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले तक पहुंचाने की योजना के तहत तस्करी किया जा रहा था। मामले में पुलिस द्वारा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पहले गिरफ्तार आरोपी

  1. धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष), निवासी करछना, थाना करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) — परिवहनकर्ता।
  2. लवकुश गौतम (22 वर्ष), निवासी बारा, थाना बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) — परिवहनकर्ता।
  3. बिकास कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी माथासाही, थाना चौलियागंज, जिला कटक (ओडिशा) — सोर्स प्वाइंट से संबंधित आरोपी।

जब्त संपत्ति

  • 125.700 किलोग्राम गांजा — अनुमानित कीमत 62.85 लाख रुपये।
  • टाटा माजदा/पिकअप वाहन — कीमत करीब 8 लाख रुपये।
  • एक मोबाइल फोन — कीमत करीब 8 हजार रुपये।
  • कुल जब्त संपत्ति — करीब 70.93 लाख रुपये।

महासमुंद पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में केवल परिवहनकर्ताओं तक कार्रवाई सीमित न रखते हुए सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने और उससे जुड़े आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!