
तूतारभरी सड़क के डामरीकरण की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन।
बस्तर टाइम्स न्यूज, कांकेर/ भानुप्रतापपुर तहसील के ग्राम भानबेड़ा के आश्रित ग्राम तूतारभरी के ग्रामीणों ने सड़क के डामरीकरण एवं मरम्मत की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण शिवसेना पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जल्द सड़क का सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार भानुप्रतापपुर-कांकेर मुख्य मार्ग से तूतारभरी गांव की दूरी करीब दो किलोमीटर है। गांव तक सड़क बनी हुई है, लेकिन डामरीकरण नहीं होने के कारण सड़क कई स्थानों पर उखड़ गई है। इससे स्कूली विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों को भी दिक्कत होती है। शिवसेना ने प्रशासन से जल्द सड़क का डामरीकरण कराने की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी है।




