
सोना निकालने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह गिरफ्तार, कांकेर पुलिस ने बरामद की रकम।
बांदे@30 जून/ घर में गड़ा सोना निकालने का झांसा देकर 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का कांकेर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना बांदे पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में महाराष्ट्र के नागपुर व गढ़चिरौली क्षेत्र से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर ठगी की रकम में से 4 लाख 96 हजार रुपये नगद एवं एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार पीव्ही-104 दीपनगर निवासी बलराम सरकार ने थाना बांदे में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति साधु के वेश में पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ उसके घर आया और परिवार की बीमारी दूर करने का झांसा देते हुए घर में सोना गड़ा होने की बात कही। आरोपी ने सोना निकालने के नाम पर विशेष भस्म खरीदने के लिए पैसे लिए।
इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ कर एक कलश में सोने जैसी वस्तुएं दिखाईं और डराकर महंगी दवा खरीदने के नाम पर कुल 5 लाख रुपये ऐंठ लिए। बाद में कलश खोलने पर उसमें रखी वस्तुएं पीतल की निकलीं, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
मामले में पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के निर्देशन एवं अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामचंद्र साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महाराष्ट्र में दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के नागपुर एवं गढ़चिरौली क्षेत्र के भोला गवते, मुकेश सोनेष्वर, शिवागिरी, लिलाधर वाघमारे उर्फ निलेश, परमेष्वर एकनाथ उर्फ देवा एवं दिनेश सोनेष्वर शामिल हैं।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अंधविश्वास, झाड़-फूंक, चमत्कार या घर से सोना निकालने जैसे किसी भी झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




