Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरछत्तीसगढ़दुर्गुकोंदल

दुर्गुकोंदल/ कन्या विद्यालय और छात्रावास के पास संचालित विदेशी मदिरा दुकान हटाने की मांग तेज।

जागरूक युवा मंच ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, 3 अगस्त तक कार्रवाई नहीं होने पर 6 अगस्त को धरना-प्रदर्शन की चेतावनी।

कन्या विद्यालय और छात्रावास के पास संचालित विदेशी मदिरा दुकान हटाने की मांग तेज

बस्तर टाइम्स न्यूज, दुर्गूकोंदल/ दुर्गूकोंदल में संचालित विदेशी मदिरा दुकान को हटाने की मांग को लेकर जागरूक युवा मंच के युवाओं ने गुरुवार को महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने मांग की कि छात्राओं और विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए मदिरा दुकान को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 3 अगस्त तक मांग पूरी नहीं हुई तो 6 अगस्त को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ज्ञापन में जागरूक युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने बताया कि विदेशी मदिरा दुकान के समीप लगभग 100 मीटर की दूरी पर 200 सीटर कन्या आवासीय विद्यालय तथा 100 सीटर बालक छात्रावास संचालित है। ऐसे में विद्यालय एवं छात्रावास के आसपास शराब दुकान का संचालन विद्यार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण नहीं बनाता।

युवाओं का कहना है कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक शराब खरीदने वालों की भीड़ दुकान के आसपास लगी रहती है। देर रात तक शोर-शराबा, विवाद और अव्यवस्था जैसी स्थितियां भी उत्पन्न होती हैं, जिससे छात्र-छात्राओं, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जागरूक युवा मंच ने प्रशासन से मांग की कि शिक्षा संस्थानों के आसपास सुरक्षित और शांत वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से विदेशी मदिरा दुकान को शीघ्र अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो 6 अगस्त को लोकतांत्रिक तरीके से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। युवाओं ने प्रशासन से जनहित एवं छात्रहित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!