
26 दिन बाद टूटा सोनम वांगचुक का अनशन, नड्डा ने पिलाया जूस; CJP का आंदोलन जारी।
बस्तर टाइम्स न्यूज, नई दिल्ली/ सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों तक चले अपने भूख हड़ताल आंदोलन को गुरुवार देर रात समाप्त कर दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचकर उन्हें जूस पिलाया और अनशन तुड़वाया। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह तथा लेह-लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
सोनम वांगचुक 28 जून से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में अनशन पर थे। सरकार के साथ हुई बातचीत और कुछ मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपना अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।
अनशन समाप्त करने के बाद वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों और एपेक्स बॉडी के नेताओं की मौजूदगी में 26 दिनों बाद अपना अनशन खत्म किया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने भी उनसे अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था। वांगचुक ने कहा कि देश में संभावित हिंसा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है और जल्द ही वे इसके पीछे की शर्तों की विस्तृत जानकारी साझा करेंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने की अपील की।
बताया गया कि जेपी नड्डा ने वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो से भी मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि सरकार जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों तथा 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर सकारात्मक रुख अपनाने पर विचार कर रही है।
उधर, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर खुशी जताई, लेकिन स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आज 35वां दिन है और हजारों प्रदर्शनकारी अब भी डटे हुए हैं। CJP ने आज देशभर में प्रदर्शन का भी आह्वान किया है।



