भानुप्रतापपुर/ दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, राज्य स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता के लिए उत्तर बस्तर की टीम रवाना।

दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, राज्य स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता के लिए उत्तर बस्तर की टीम रवाना।
भानुप्रतापपुर@02 जनवरी/ छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता 2025-26 में सहभागिता से पूर्व उत्तर बस्तर संभाग की चयनित महिला खिलाड़ियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर में आयोजित किया गया, जिसका समापन 01 फरवरी 2026 को हुआ। प्रशिक्षण शिविर के दौरान महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी चेतन कुमार श्रीवास द्वारा खिलाड़ियों को खो-खो खेल की तकनीकी बारीकियों, शारीरिक फिटनेस एवं टीम समन्वय से संबंधित विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। प्रशिक्षण शिविर के पश्चात चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोद के लिए रवाना हो गईं। उक्त प्रतियोगिता के माध्यम से शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर की टीम का गठन किया जाएगा, जो आगामी अंतर विश्वविद्यालय महिला खो-खो प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी, जिसका आयोजन फकीर मोहन विश्वविद्यालय, बालासोर (उड़ीसा) में किया जाएगा। उत्तर बस्तर की इस टीम में शासकीय इंद्रु केवट महाविद्यालय, कांकेर की 5, शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर की 4, भानुप्रताप देव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कांकेर की 3, कंगलू कुम्हार शासकीय महाविद्यालय, दुर्गकोंदुल की 2 तथा शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर की 1 प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं। महाविद्यालय परिवार एवं खेल प्रेमियों ने टीम को प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दी हैं।




