
श्रीदाम ढाली की रिपोर्ट
आधार बेस्ड अटेंडेंस की व्यवहारिक समस्याओं के निराकरण सहित अन्य मांगों को लेकर बीएमओ को सौंपा ज्ञापन।
कोयलीबेड़ा@14फरवरी/ पखांजूर ब्लॉक में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ द्वारा खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को आधार बेस्ड अटेंडेंस प्रणाली में आ रही व्यवहारिक समस्याओं के निराकरण तथा अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संघ की ओर से बीएमओ को संगठन का कैलेंडर सप्रेम भेंट कर विस्तृत चर्चा भी की गई।
ब्लॉक अध्यक्ष बी.एल. कुलदीप, मनकुराम सलाम, रतन विश्वास, मनोज नरेटी एवं ब्लॉक प्रवक्ता निवास अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा सभी विभागीय कार्यालयों में आधार बेस्ड अटेंडेंस लागू किया गया है, जिससे कर्मचारियों को कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जशपुर जिले की एक घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि तकनीकी समस्या सुधारने के दौरान एक स्टाफ नर्स का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से राशि निकाल ली गई। ऐसी घटनाओं से कर्मचारियों में असुरक्षा और मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई है।
संघ का कहना है कि उप स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत महिला स्वास्थ्य संयोजक प्रसव सहित अन्य आपात सेवाओं के लिए 24 घंटे तत्पर रहती हैं। निर्धारित कार्यालयीन समय लागू होने से समय पूर्व एवं समय पश्चात दी जाने वाली सेवाएं प्रभावित होंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त आदि के मरीज किसी भी समय उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य संयोजकों को गांवों में भ्रमण कर हितग्राहियों को सेवाएं प्रदान करनी पड़ती हैं।
राष्ट्रीय कार्यक्रमों जैसे कृमि मुक्ति अभियान, फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम आदि के दौरान स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार फील्ड भ्रमण करना पड़ता है। ऐसे में आधार आधारित उपस्थिति दर्ज करने और फील्ड में कार्य करने में व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
स्वास्थ्य संयोजक संघ की कोयलीबेड़ा ब्लॉक इकाई ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि आधार बेस्ड अटेंडेंस प्रणाली में फील्ड कर्मचारियों की कार्यप्रकृति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन एवं व्यवहारिक समाधान किया जाए।




