
उल्लास महा परीक्षा का निरीक्षण: व्यवस्थाएं संतोषजनक, सभी केंद्रों पर 100% उपस्थिति
पखांजूर (23 मार्च)। विकासखंड कोयलीबेड़ा में आयोजित उल्लास महा परीक्षा के तहत पखांजूर क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अमिताभ सरकार द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने सभी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा संकुल स्तर पर मूल्यांकन कार्य का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला देवदा, पीवी-66, बी-63, पीवी-68 सहित पंचायत विकासपाली, सत्यानगर, बलरामपुर, भिंगिडर तथा परीक्षा केंद्र पीवी-124, बारदा (सड़क पारा) आदि का निरीक्षण किया गया। सभी केंद्रों पर परीक्षा संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा था।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र में केंद्राध्यक्ष की नियुक्ति सुनिश्चित की गई थी। केंद्राध्यक्ष के रूप में मनोज कुमार, विपुल सिकदर, नरेश साहू, रश्मि विश्वास, धर्मेंद्र भाई, भोमराज ताराम, सुदामा राम, रोटी गोविंद, लाल बिहारी एवं चितरंजन सहित सभी जिम्मेदार अधिकारी अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित पाए गए और परीक्षा संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
निरीक्षण के दौरान सहायक खंड शिक्षा अधिकारी ने व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए परीक्षा की पारदर्शिता एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने केंद्राध्यक्षों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए।
विशेष बात यह रही कि सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत दर्ज की गई, जो क्षेत्र में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है। ग्रामीणों ने भी इस परीक्षा को लेकर उत्साह दिखाया और बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित की।
सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। साथ ही संकुल स्तर पर मूल्यांकन कार्य भी सुचारू रूप से किया गया, जिससे परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ती रही।




