भानुप्रतापपुर/ छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का मुद्दा उठाया।

छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का मुद्दा उठाया।
भानुप्रतापपुर (30 मार्च)/ एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे एवं जिला अध्यक्ष सुमित राय के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर एनएसयूआई भानुप्रतापपुर द्वारा शासकीय महर्षि वाल्मीकि महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर में ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान एनएसयूआई के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र कड़ियांम ने कहा कि महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के छात्रसंघ चुनाव कई वर्षों से नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति छात्रों की आवाज़ को दबाने का कार्य कर रही है, जिसे अब छात्र संगठन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा।

ब्लॉक अध्यक्ष योगेश यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, सम्मान और सहभागिता की बुनियाद है। इसके माध्यम से छात्रों को नेतृत्व, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। वर्तमान में चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों की समस्याएं प्रभावी रूप से प्रशासन तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
वहीं, एनएसयूआई जिला सचिव अनुराग शर्मा ने छात्रों के अधिकारों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी कर छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग की।
इस अवसर पर जिला सचिव अनुराग शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र कड़ियांम, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश यादव, महाविद्यालय अध्यक्ष अनुराग साहू, उपाध्यक्ष बिरेंद्र टेकाम, अजय उसेंडी, शंकर दुग्गा, आशीष कोमरा, कुणाल टेकाम, सुशांत जैन सहित बड़ी संख्या में छात्र संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



