
छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन।
पखांजूर, 30 मार्च 2026। NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे एवं जिला अध्यक्ष सुमित राय के निर्देशानुसार सोमवार को शासकीय वीर गेंड सिंह महाविद्यालय, पखांजूर में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष शुभाशीष साना के नेतृत्व में छात्रों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्राचार्य को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में पिछले कई वर्षों से लंबित छात्रसंघ चुनावों को तत्काल बहाल करने की मांग की गई।
मीडिया से चर्चा करते हुए एनएसयूआई के पूर्व जिला महासचिव विक्रम मल्लिक ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। महाविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं को रखने और उनके समाधान के लिए कोई प्रतिनिधि मंच शेष नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति भविष्य के नेतृत्व को तैयार करती है, लेकिन वर्तमान में इसे दबाया जा रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए, चुनाव की समय-सीमा एवं स्पष्ट रूपरेखा घोषित की जाए तथा छात्र राजनीति में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा छात्रों की इन मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो छात्र हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शुभाशीष साना, पूर्व जिला महासचिव विक्रम मल्लिक, रमेन सरकार, जिला सचिव राजेश विश्वास, अंकित मंडल, राहुल कर, सजल विश्वास, आकाश, अनिर्बन सहित महाविद्यालय के अनेक छात्र एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



